महादेव ऐप सट्टेबाजी मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले के प्रमुख आरोपी और ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाया गया है। CBI ने प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी कर उसे भारतीय एजेंसियों के हवाले किया है। अब भारत में उससे पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

AdvertisementThe Puranic

सौरभ चंद्राकर पर महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क चलाने का आरोप है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस नेटवर्क का विस्तार देश के कई हिस्सों में था। इसके जरिए ऑनलाइन क्रिकेट, फुटबॉल और दूसरे खेलों पर सट्टा लगाया जाता था। एजेंसियों का आरोप है कि इस नेटवर्क से होने वाली कमाई को फर्जी बैंक खातों और हवाला के जरिए विदेश भेजा जाता था।

सौरभ चंद्राकर लंबे समय से भारत से बाहर था। उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। इसी के आधार पर ओमान में उसे हिरासत में लिया गया। इसके बाद भारतीय एजेंसियां उसे वापस लाने की कोशिश कर रही थीं। आखिरकार CBI ने ओमान से उसका प्रत्यर्पण कराने में सफलता हासिल की।

महादेव ऐप मामले में जांच एजेंसियां लंबे समय से सट्टेबाजी नेटवर्क और उससे जुड़े वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही हैं। इस मामले में सौरभ चंद्राकर के साथ रवि उप्पल का नाम भी प्रमुखता से सामने आया है। अब सौरभ की भारत वापसी के बाद जांच एजेंसियां उससे नेटवर्क के संचालन, पैसों के लेनदेन और अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर पूछताछ कर सकती हैं।