वृंदावन के युवा कथावाचक शाश्वत आचार्य जी महाराज इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में हैं। महज 19 साल की उम्र में भागवत कथावाचक के रूप में पहचान बनाने वाले शाश्वत को इंटरनेट पर 'Gen Z बाबा' और 'Pookie बाबा' कहा जा रहा है। उनके घुंघराले बाल, पारंपरिक पहनावा और युवा अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।
शाश्वत आचार्य का जन्म 5 अगस्त 2007 को उत्तर प्रदेश के वृंदावन में हुआ था। उनका परिवार धार्मिक पृष्ठभूमि से जुड़ा है। उनके पिता स्वामी वृंदावन आचार्य जी महाराज भी आध्यात्मिक क्षेत्र से जुड़े हैं। ऐसे में शाश्वत को बचपन से ही घर में भजन, कीर्तन और धार्मिक ग्रंथों का माहौल मिला। बताया जाता है कि उन्होंने महज चार साल की उम्र में भागवत कथा और श्लोकों का पाठ करना शुरू कर दिया था।
कम उम्र में ही शाश्वत धार्मिक कार्यक्रमों में प्रवचन देने लगे थे। उन्हें वृंदावन स्थित श्री धाम गोदा विहार मंदिर का पीठाधीश्वर भी बताया जाता है। उनके मामा आशुतोष शुक्ला के अनुसार, शाश्वत अपनी पढ़ाई और दीक्षा से जुड़ी प्रक्रिया में आगे बढ़ रहे हैं। उनकी पढ़ाई मथुरा के गिरिराज महाराज लॉ कॉलेज से बीए-एलएलबी में बताई गई है।
सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। इंस्टाग्राम पर उनके भागवत कथा के वीडियो और तस्वीरें बड़ी संख्या में शेयर किए जा रहे हैं। उनके लुक की तुलना कुछ सोशल मीडिया यूजर्स हॉलीवुड अभिनेता फिन वुल्फहार्ड से भी कर रहे हैं, जो वेब सीरीज 'Stranger Things' में नजर आए थे। कम उम्र में आध्यात्मिक क्षेत्र में पहचान बनाने और सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने के कारण शाश्वत आचार्य इन दिनों चर्चा में हैं।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.