महाराष्ट्र के सांगली जिले के जत तालुका स्थित उमदी गांव में एक कुएं में पेट्रोल जैसा पदार्थ मिलने से लोगों में डर का माहौल है। उमदी-पंढरपुर हाईवे के पास किसान धुंडप्पा माली के खेत में स्थित कुएं के पानी की सतह पर ज्वलनशील पदार्थ की परत दिखाई दी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुएं के पानी से पिछले करीब एक साल से ईंधन जैसी गंध आ रही थी, लेकिन अब सतह पर पदार्थ की परत साफ दिखाई देने लगी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ग्रामीणों ने कुएं से करीब एक लीटर की 10 बोतलों के बराबर पेट्रोल जैसा पदार्थ निकालने का दावा किया है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में इस पदार्थ को जमीन पर डालने के बाद माचिस की तीली से आग पकड़ते हुए भी दिखाया गया है। हालांकि, अभी तक वैज्ञानिक जांच में यह पुष्टि नहीं हुई है कि यह वास्तव में पेट्रोल ही है।
कुएं से करीब 300 मीटर की दूरी पर एक पेट्रोल पंप मौजूद है। इसी वजह से ग्रामीणों को आशंका है कि भूमिगत टैंक या पाइपलाइन से ईंधन का रिसाव होकर यह पानी तक पहुंचा हो सकता है। हालांकि, पेट्रोल पंप की जांच में कथित तौर पर कोई लीकेज नहीं मिला था।
महसूल अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है। अब पदार्थ की वैज्ञानिक जांच और उसके स्रोत का पता लगाना जरूरी है। तब तक लोगों को कुएं के पास आग से दूर रहने और पानी का इस्तेमाल न करने की सलाह दी गई है।



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.