भारतीय वायुसेना को जल्द ही नया प्रमुख मिलने जा रहा है। एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को अगला चीफ ऑफ एयर स्टाफ नियुक्त किया गया है। वह 31 अक्टूबर 2026 को एयर चीफ मार्शल के पद पर कार्यभार संभालेंगे और मौजूदा एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह की जगह लेंगे। उनका कार्यकाल 31 दिसंबर 2028 तक रहेगा।
आशुतोष दीक्षित का भारतीय वायुसेना में करीब चार दशक का लंबा करियर रहा है। उन्हें 6 दिसंबर 1986 को फाइटर स्ट्रीम में कमीशन मिला था। वह नेशनल डिफेंस एकेडमी, डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज और नेशनल डिफेंस कॉलेज के पूर्व छात्र हैं।
वह एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट और क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर हैं। उनके पास 3,500 घंटे से ज्यादा उड़ान का अनुभव है। उन्होंने Mirage-2000, MiG के अलग-अलग वेरिएंट, Jaguar, Tejas, Hawk और कई अन्य विमानों को उड़ाया है।
आशुतोष दीक्षित ने Mirage-2000 स्क्वाड्रन की कमान भी संभाली और पश्चिमी क्षेत्र के एक अग्रिम फाइटर बेस का नेतृत्व किया। उन्होंने ऑपरेशन सफेद सागर, ऑपरेशन रक्षक, कोप इंडिया और ऑपरेशन सिंदूर में भी भूमिका निभाई है।
उनकी सेवाओं के लिए उन्हें राष्ट्रपति द्वारा कई महत्वपूर्ण सैन्य सम्मान मिल चुके हैं, जिनमें परम विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल, वायु सेना मेडल और विशिष्ट सेवा मेडल शामिल हैं।



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.