सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की फिल्म 'तू है मेरी किरण' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर की शुरुआत एक प्रेम कहानी की तरह होती है, लेकिन धीरे-धीरे यह रिश्ता जुनून और खौफनाक मोड़ लेता नजर आता है। सोनाक्षी फिल्म में किरण और जहीर इकबाल समर के किरदार में हैं। समर किरण से बेहद प्यार करता है, लेकिन उसका प्यार धीरे-धीरे जुनून में बदल जाता है।
किरण उससे दूरी बनाना चाहती है और उसे फोन न करने के लिए कहती है, लेकिन समर पीछे हटने को तैयार नहीं है। ट्रेलर में कई ऐसी रहस्यमयी घटनाएं दिखाई गई हैं, जिनसे यह सवाल खड़ा होता है कि आखिर किरण के साथ हो क्या रहा है और इसमें समर की कितनी भूमिका है।
खास बात यह है कि ट्रेलर कहानी को पूरी तरह खोलने के बजाय रहस्य बनाए रखता है। कुछ दृश्यों में ऐसा लगता है कि किरण की वास्तविकता के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। यही सस्पेंस फिल्म को दिलचस्प बनाता है।
फिल्म का नाम 1993 की शाहरुख खान, सनी देओल और जूही चावला स्टारर 'डर' के चर्चित गाने 'तू है मेरी किरण' से जुड़ा है। 'डर' में भी शाहरुख का किरदार जुनूनी आशिक था। हालांकि नई फिल्म की कहानी अपनी अलग मनोवैज्ञानिक थ्रिलर के रूप में सामने आती है।
करण रावल के निर्देशन में बनी यह फिल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.