बॉलीवुड में दिसंबर की शुरुआत बॉक्स ऑफिस पर बड़े मुकाबले के साथ होने वाली है. सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि' और श्रद्धा कपूर की 'ईठा' एक ही दिन सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही हैं. दोनों फिल्मों की रिलीज डेट 4 दिसंबर 2026 तय की गई है. इस टक्कर से पहले सलमान खान ने श्रद्धा कपूर की फिल्म को शुभकामनाएं देकर सबका ध्यान खींचा है.
सलमान खान ने सोशल मीडिया पर श्रद्धा कपूर की फिल्म 'ईठा' का पोस्टर और ट्रेलर लिंक शेयर करते हुए टीम को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, 'All the best for Eetha'. इस पोस्ट में सलमान ने श्रद्धा कपूर और Maddock Films को भी टैग किया. बॉक्स ऑफिस पर सीधी टक्कर के बावजूद सलमान का यह अंदाज चर्चा में है.
सलमान खान की 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' पहले 'बैटल ऑफ गलवान' नाम से घोषित हुई थी. यह फिल्म 2020 में गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प से प्रेरित है. फिल्म में सलमान कर्नल बिक्कुमल्ला संतोष बाबू की भूमिका निभा रहे हैं.
वहीं श्रद्धा कपूर की 'ईठा' एक बायोग्राफिकल ड्रामा है, जिसमें वह मशहूर लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित किरदार निभाएंगी. फिल्म में रणदीप हुड्डा और नाना पाटेकर भी नजर आएंगे. अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि दिसंबर में दोनों फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर कैसी शुरुआत मिलती है.


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.