RBI ने घरेलू मनी ट्रांसफर यानी Domestic Money Transfer (DMT) से जुड़े नियमों को एक जगह समेटकर नए निर्देश जारी किए हैं। इन नियमों के तहत बिना बैंक खाते वाले व्यक्ति भी बैंक शाखा में जाकर दूसरे व्यक्ति के बैंक खाते में 50,000 रुपये तक भेज सकते हैं। RBI के नए निर्देश 11 नवंबर 2026 से प्रभावी हो गए हैं। हालांकि, 50,000 रुपये की सीमा पहले से लागू व्यवस्था का हिस्सा थी, जिसे नए निर्देशों में बरकरार रखा गया है।
बैंक शाखा में कैश जमा करके NEFT के जरिए लाभार्थी के खाते में एक बार में अधिकतम 50,000 रुपये भेजे जा सकते हैं। वहीं, बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट (BC) या ATM जैसे माध्यमों से कैश ट्रांसफर करने पर प्रति ट्रांजैक्शन 5,000 रुपये की सीमा होगी। इस सुविधा के तहत एक व्यक्ति महीने में कुल 25,000 रुपये तक भेज सकता है।
RBI ने कैश पे-आउट की सीमा भी स्पष्ट की है। इसके तहत बैंक खाते से ऐसे व्यक्ति को पैसे भेजे जा सकते हैं, जिसके पास बैंक खाता नहीं है। लाभार्थी ATM, बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट या अधिकृत माध्यम से नकद रकम प्राप्त कर सकता है। इस सुविधा में एक ट्रांजैक्शन की सीमा 10,000 रुपये और एक लाभार्थी के लिए मासिक सीमा 25,000 रुपये तय है।
इन सुविधाओं का इस्तेमाल करने के लिए भेजने वाले का मोबाइल नंबर सत्यापित होना और वैध पहचान दस्तावेज देना जरूरी है। प्रत्येक ट्रांजैक्शन में अतिरिक्त प्रमाणीकरण भी अनिवार्य होगा। RBI ने बैंकों को संदिग्ध लेनदेन पर निगरानी रखने और ग्राहकों को अलर्ट देने के निर्देश दिए हैं।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.