नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ रिलीज से पहले ही चर्चा में आ गई है। अमेरिका में फिल्म की प्राइवेट स्क्रीनिंग के बाद इसका शुरुआती रिव्यू सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने फिल्म की कहानी, संगीत और विजुअल इफेक्ट्स की तारीफ की। हालांकि, रणबीर कपूर की कास्टिंग और अंग्रेजी डबिंग को लेकर अपनी असहमति भी जाहिर की।

AdvertisementThe Puranic

यूजर के मुताबिक, फिल्म की कहानी भावनात्मक और प्रभावशाली है। कुछ दृश्यों ने उन्हें भावुक कर दिया। उन्होंने एआर रहमान के संगीत की तारीफ करते हुए कहा कि फिल्म का म्यूजिक कहानी के साथ अच्छी तरह जुड़ता है।

फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स को भी प्रभावशाली बताया गया। हालांकि, कुछ एक्शन सीन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार दृश्यों जैसा एहसास होने की बात कही गई। अंग्रेजी डबिंग को लेकर भी सवाल उठाए गए। यूजर के मुताबिक, फिल्म को हिंदी में देखना ज्यादा बेहतर अनुभव हो सकता है।

रणबीर कपूर के भगवान राम के किरदार को लेकर यूजर ने कहा कि उन्हें इस भूमिका के लिए उनकी कास्टिंग सही नहीं लगी। दूसरी ओर, यश के रावण के किरदार की तारीफ की गई। फिल्म की तुलना एसएस राजामौली की ‘RRR’ से भी की गई। यूजर ने अभिनय, संगीत और निर्देशन के मामले में ‘RRR’ को बेहतर बताया।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे।

फिल्म को लेकर सामने आया यह रिव्यू शुरुआती प्रतिक्रिया है। इसे सभी दर्शकों की राय नहीं माना जा सकता। फिल्म की वास्तविक सफलता और दर्शकों की प्रतिक्रिया रिलीज के बाद ही स्पष्ट होगी।