राजस्थान में नगर निकायों के प्रमुखों के चुनाव के नतीजे सोमवार को सामने आए। 301 नगर निकायों के अध्यक्ष पद के घोषित परिणामों में बीजेपी ने 197 निकायों में अध्यक्ष पद हासिल किया, जबकि कांग्रेस के अध्यक्ष 94 निकायों में बने। सात निकायों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। इसके अलावा आम आदमी पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने एक-एक निकाय में अध्यक्ष पद जीता।
राज्य में सोमवार को नगर निगमों के महापौर, नगर परिषदों के सभापति और नगर पालिकाओं के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुए। अधिकारियों के अनुसार, 305 नगर निकायों में बोर्ड का गठन हुआ था, जिनमें 32 निकायों के प्रमुख निर्विरोध चुने गए थ|
नगर निगम स्तर पर भी बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुकाबला देखने को मिला। अजमेर में बीजेपी ने कांग्रेस के अधिक पार्षद होने के बावजूद महापौर पद पर जीत हासिल की। रिपोर्ट के मुताबिक, यहां कांग्रेस के 37 और बीजेपी के 32 पार्षद थे, जबकि 11 निर्दलीय पार्षद भी थे। क्रॉस वोटिंग के बाद बीजेपी उम्मीदवार विजयी रहे।
हालांकि, कुछ निकायों में चुनाव प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है। दोबारा मतदान वाले कुछ वार्डों के कारण जोधपुर, जयपुर और कोटा नगर निगम सहित कुछ स्थानों पर अध्यक्ष पद का चुनाव 25 सितंबर को होना है।



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.