अगर आप ट्रैफिक पुलिस की ओर से भेजे गए ऑनलाइन चालान को नजरअंदाज करते हैं, तो अब आपकी यह लापरवाही भारी पड़ सकती है। बिहार की राजधानी पटना में ट्रैफिक नियमों का बार-बार उल्लंघन करने और चालान का भुगतान नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की गई है। ऐसे मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस (DL) रद्द करने की कार्रवाई भी हो सकती है।

AdvertisementThe Puranic

पटना ट्रैफिक पुलिस ने अक्टूबर महीने की समीक्षा के दौरान 493 ऐसे वाहन चालकों की पहचान की है, जिनके नाम पर पांच या उससे अधिक चालान लंबित हैं। इन वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा करते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी यानी DTO को प्रस्ताव भेजा गया है। अब परिवहन विभाग इन मामलों की समीक्षा करेगा और नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगा।

ट्रैफिक पुलिस लगातार लंबित चालानों की समीक्षा कर रही है। इस दौरान बार-बार नियम तोड़ने और जुर्माने का भुगतान नहीं करने वाले वाहन चालकों को चिह्नित किया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य बकाया जुर्माने की वसूली के साथ यातायात नियमों के प्रति लोगों को जिम्मेदार बनाना भी है।

अगर आपको अपने वाहन का चालान चेक करना है, तो सरकारी ई-चालान पोर्टल(https://echallan.parivahan.nic.in) पर जाकर इसकी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यहां वाहन नंबर, चालान नंबर या ड्राइविंग लाइसेंस नंबर की मदद से लंबित चालानों का स्टेटस देखा जा सकता है। इसी पोर्टल के जरिए ऑनलाइन भुगतान भी किया जा सकता है।

अगर किसी वाहन चालक को लगता है कि उसका चालान गलत जारी किया गया है, तो उसे नजरअंदाज करने के बजाय शिकायत दर्ज करनी चाहिए। ई-चालान पोर्टल पर Grievance विकल्प के जरिए शिकायत की जा सकती है। इस तरह समय रहते चालान का निपटारा करके वाहन चालक संभावित परेशानी से बच सकते हैं।