आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल के बीच OpenAI के एक कथित सॉफ्टवेयर इंजीनियर को नौकरी से निकाले जाने की कहानी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। दावा किया गया कि 3 लाख डॉलर यानी करीब 2.8 करोड़ रुपये सालाना से ज्यादा कमाने वाले एक लीड सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नौकरी AI टूल्स पर जरूरत से ज्यादा निर्भरता के कारण चली गई। हालांकि, इस वायरल कहानी की प्रामाणिकता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर एक कथित टर्मिनेशन ईमेल शेयर किया गया। इसमें दावा किया गया कि इंजीनियर कोड लिखने के लिए Anthropic के Claude AI का इस्तेमाल करता था। इसके बाद कोड समझने के लिए ChatGPT और उसमें मौजूद बग ठीक करने के लिए Google Gemini की मदद लेता था।
कथित ईमेल में आरोप लगाया गया कि एक गंभीर प्रोडक्शन आउटेज के दौरान इंजीनियर ने समस्या को खुद समझने और ठीक करने के बजाय ChatGPT से समाधान मांग लिया। इसी आधार पर उसकी नौकरी तत्काल समाप्त करने का दावा किया गया।
हालांकि, OpenAI की ओर से ऐसे किसी कर्मचारी को नौकरी से निकालने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वायरल ईमेल की प्रामाणिकता भी साबित नहीं हुई है। इसलिए इसे वास्तविक छंटनी की खबर मानना सही नहीं होगा।
इस कहानी ने AI के बढ़ते इस्तेमाल के बीच इंजीनियरों की तकनीकी समझ, जिम्मेदारी और मशीनों पर निर्भरता को लेकर बहस जरूर छेड़ दी है। विशेषज्ञों के बीच यह चर्चा महत्वपूर्ण होती जा रही है कि AI टूल्स का इस्तेमाल करने के साथ-साथ तकनीकी समस्याओं को खुद समझने और उनका समाधान करने की क्षमता भी जरूरी है।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.