नूंह के फिरोजपुर झिरका इलाके में पुलिस और कथित गो-तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान जवाबी फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। घटना रविवार तड़के करीब 4:30 बजे हुई, जब पुलिस की क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (CIA) टीम गो-तस्करी की सूचना पर कार्रवाई कर रही थी।
पुलिस के मुताबिक, टीम को इलाके में गो-तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने के लिए नाकाबंदी की गई। आरोप है कि वाहन में सवार लोगों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घायलों को नल्हड़ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां साबिर और गब्बर उर्फ हडिया की मौत हो गई। वहीं, ताहिर का इलाज जारी है।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से सात गायों से भरी पिकअप गाड़ी बरामद की। इसके अलावा .315 बोर की तीन देसी पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस और पांच खाली कारतूस भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने मृतकों के शव मोर्चरी में रखवाकर उनके परिजनों को सूचना दे दी है।
घटना के बाद मामले की मजिस्ट्रेट जांच शुरू कर दी गई है। जांच में मुठभेड़ के दौरान हुई गोलीबारी और उससे जुड़ी परिस्थितियों की पड़ताल की जाएगी। नूंह में कथित गो-तस्करी के खिलाफ पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.