हरियाणा के फरीदाबाद में परमजीत धनकड़ हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मोनू शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे बल्लभगढ़ के DLF चौक से पकड़ा। उस पर सेक्टर-21C में रहने वाले परमजीत धनकड़ की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है।

AdvertisementThe Puranic

जानकारी के मुताबिक, परमजीत धनकड़ सिंगापुर में एक निजी कंपनी में काम करते थे और अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए भारत आए थे। धनतेरस की रात वह जिम से घर लौटे थे। इसी दौरान पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर उनकी पड़ोसी मोनू शर्मा से कहासुनी हो गई।

बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से परमजीत पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। फायरिंग में परमजीत गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।

पुलिस के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच पार्किंग और पालतू कुत्ते को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और हत्या की वारदात हुई।

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में कई टीमें लगाई गईं। आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और हत्या में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।