दिवाली के मौके पर करीना कपूर खान ने अपने खास अंदाज से सबका ध्यान खींच लिया। इस बार अभिनेत्री ने पारंपरिक साड़ी और लहंगे से हटकर शाही अंदाज वाला काफ्तान और पगड़ी पहनी। उनके इस लुक की सबसे खास बात रही भोपाल के नवाबी परिवार से जुड़े करीब 200 साल पुराने खानदानी गहने।

AdvertisementThe Puranic

करीना ने डिजाइनर पुनीत बलाना का तैयार किया हुआ शैंपेन-बेज रंग का काफ्तान पहना था। इस पर असली चांदी से बारीक कढ़ाई की गई थी। काफ्तान के साथ मैचिंग पगड़ी ने उनके लुक को खास नवाबी अंदाज दिया। हालांकि, सबसे ज्यादा चर्चा उनकी पगड़ी पर लगी ऐतिहासिक कलगी की हुई।

करीना ने करीब 200 साल पुरानी हीरे की कलगी पहनी थी, जो कभी भोपाल के नवाब हमीदुल्लाह खान की हुआ करती थी। यह कलगी बाद में उनके परिवार की विरासत बनी और सैफ अली खान तक पहुंची। खास बात यह है कि सैफ ने भी करीना से शादी के दौरान इसी कलगी को पहना था। अब दिवाली पर करीना ने इसे पहनकर अपनी खानदानी विरासत की झलक दिखाई।

उनके लुक में एक और खास गहना शामिल था, जो भोपाल की बेगम का 30 कैरेट का पन्ना था। इस पन्ने पर कुरान की आयत आयतुल कुर्सी की नक्काशी की गई है। करीना ने इस ऐतिहासिक पन्ने को खूबसूरत नेकलेस के साथ पहना था।

करीना के इस पूरे लुक को रिया कपूर ने स्टाइल किया था। हल्का मेकअप, न्यूड लिपस्टिक और खुले बालों के साथ उनका अंदाज बेहद खूबसूरत नजर आया। इस तरह करीना ने दिवाली पर सिर्फ फैशन नहीं, बल्कि पटौदी परिवार की करीब दो सदियों पुरानी विरासत को भी खास अंदाज में पेश किया।