पाकिस्तान के कराची पोर्ट पर फंसे छह भारतीय नाविकों की घर वापसी का मामला अभी तक सुलझ नहीं पाया है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और उनकी वापसी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, जहाज पर राहतकर्मियों को भेजने की प्रक्रिया में पोर्ट प्रशासन की मंजूरी मिलने का इंतजार है।

AdvertisementThe Puranic

ये छह भारतीय नाविक मालवाहक जहाज MV KEVER पर सवार हैं। जहाज 17 अप्रैल 2026 को कराची पोर्ट पहुंचा था। इसके बाद ईरान की शिपिंग कंपनी और कराची पोर्ट प्रशासन के बीच विवाद के कारण जहाज को रोक दिया गया। तब से चालक दल के भारतीय सदस्य वहीं फंसे हुए हैं।

इन नाविकों में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज निवासी मर्चेंट नेवी अधिकारी विनीत किशोर मिश्रा भी शामिल हैं। उनके परिवार के मुताबिक, नौकरी का अनुबंध समाप्त होने के बावजूद उन्हें जहाज से उतरने और घर लौटने की अनुमति नहीं मिली है।

29 अक्टूबर को एक वरिष्ठ भारतीय सरकारी अधिकारी ने बताया था कि सभी छह नाविक सुरक्षित हैं। छह राहतकर्मी पाकिस्तान पहुंच चुके हैं और जहाज पर जाने के लिए तैयार हैं। हालांकि, उनके जहाज पर चढ़ने के लिए कराची पोर्ट प्रशासन की औपचारिक मंजूरी जरूरी है।

सरकारी अधिकारी के मुताबिक, भारतीय उच्चायोग और संबंधित पक्षों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है। जहाज मालिक की ओर से राहतकर्मियों को भेजने का अनुरोध भी किया गया है।