उत्तराखंड के नैनीताल स्थित प्रसिद्ध कैंची धाम में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर रहा है। श्रद्धालुओं की संख्या का पहले से अनुमान लगाने के लिए प्री-रजिस्ट्रेशन या बुकिंग व्यवस्था शुरू करने का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इससे पार्किंग, ट्रैफिक, शटल सेवा और सुरक्षा की बेहतर योजना बनाई जा सकेगी।
कैंची धाम में हाल के दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ी है। अधिकारियों के मुताबिक वीकेंड पर आमतौर पर 21 से 25 हजार तक श्रद्धालु पहुंचते हैं, जबकि बीते वीकेंड करीब 40 हजार लोगों के पहुंचने की बात सामने आई। तीन दिन की छुट्टियों के दौरान करीब 1.30 लाख लोग धाम पहुंचे थे।
प्रशासन ने फिलहाल रोजाना 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं की संख्या को प्रबंधन के लिहाज से संभावित सीमा माना है। हालांकि यह अंतिम क्षमता नहीं है और हालात के अनुसार इसमें बदलाव किया जा सकता है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद आने वाले समय में प्री-रजिस्ट्रेशन व्यवस्था शुरू होने की संभावना है।
इसके अलावा मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग व्यवस्था बनाने, वीकेंड पर ट्रैफिक निगरानी बढ़ाने और नो-एंट्री व वन-वे व्यवस्था को प्रभावी करने की योजना है। अधिकारियों को सीसीटीवी कवरेज बढ़ाने और पार्किंग व शटल सेवाओं को बेहतर करने के निर्देश भी दिए गए हैं।



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.