SA20 सीजन-5 के ऑक्शन में 18 साल के दक्षिण अफ्रीकी ऑलराउंडर जेसन रॉल्स ने सबको चौंका दिया। जोबर्ग सुपर किंग्स ने रॉल्स को 2.9 मिलियन रैंड यानी करीब 1.68 करोड़ रुपये में खरीदा। इसके साथ ही वह ऑक्शन के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए। उनके लिए MI केप टाउन और जोबर्ग सुपर किंग्स के बीच कड़ी बोली लगी थी।
रॉल्स अभी अपने करियर के शुरुआती दौर में हैं और जोहानिसबर्ग के St David’s Marist School में पढ़ाई कर रहे हैं। वह दक्षिण अफ्रीका के अंडर-19 सेटअप का हिस्सा हैं। 2026 अंडर-19 वर्ल्ड कप में उन्होंने पांच पारियों में 280 रन बनाए थे। इस दौरान उनका औसत करीब 70 और स्ट्राइक रेट 112 रहा। उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक भी लगाया।
जूनियर क्रिकेट में रॉल्स का प्रदर्शन लगातार चर्चा में रहा है। जुलाई 2026 में इंग्लैंड अंडर-19 के खिलाफ यूथ टेस्ट में उन्होंने 201 रन की शानदार पारी खेली थी। वह बाएं हाथ से बल्लेबाजी करने के साथ स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं, जिससे उनकी ऑलराउंड क्षमता उन्हें खास बनाती है।
दिलचस्प बात यह है कि रॉल्स की कीमत अनुभवी स्टार फाफ डुप्लेसी से भी ज्यादा रही। जोबर्ग सुपर किंग्स ने डुप्लेसी को 2.7 मिलियन रैंड में खरीदा। अब रॉल्स को डुप्लेसी और कीरोन पोलार्ड जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का मौका मिलेगा।



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.