एशियन गेम्स 2026 में पाकिस्तान को हराकर गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम स्वदेश लौट आई है। टीम के दिल्ली पहुंचने के बाद ईशान किशन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में ईशान एयरपोर्ट पर पैपराजी से नाराज नजर आ रहे हैं।
दरअसल, भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी जापान से लौटकर रात करीब 1 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे थे। ईशान किशन उस समय अपने फोन पर किसी जरूरी कॉल में व्यस्त थे। इसी दौरान वहां मौजूद पैपराजी और मीडियाकर्मी लगातार उनका ध्यान खींचने और तस्वीरें लेने की कोशिश कर रहे थे।
बार-बार हो रही रुकावट से ईशान अपना आपा खो बैठे। उन्होंने पैपराजी की ओर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, "आप लोगों की आदत खराब है। दिमाग ही नहीं है कुछ।" इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और ईशान किशन चर्चा में आ गए।
इससे पहले एशियन गेम्स के पुरुष क्रिकेट फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल जीता था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 211 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 192 रन ही बना सकी।
फाइनल में ईशान किशन ने 18 गेंदों पर 20 रन बनाए थे। हालांकि, सेमीफाइनल में उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 80 रन की शानदार पारी खेली थी। भारत ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार पुरुष क्रिकेट का गोल्ड मेडल अपने नाम किया है।



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.