न्यूजीलैंड के अनुभवी ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल ने 2026-27 सीजन के लिए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर होने का फैसला किया है। वह ऑस्ट्रेलिया की घरेलू टी20 लीग बिग बैश लीग यानी BBL में खेलने का मौका तलाशेंगे। हालांकि, ब्रेसवेल ने न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय टीम से दूरी नहीं बनाई है और कैजुअल प्लेइंग कॉन्ट्रैक्ट के तहत टीम के लिए उपलब्ध रहेंगे।
35 वर्षीय ब्रेसवेल न्यूजीलैंड के लिए अब तक 105 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। उन्होंने कहा कि करियर के इस पड़ाव पर विदेशी टी20 लीग में खेलने का यह मौका उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने न्यूजीलैंड क्रिकेट के समर्थन के लिए भी आभार जताया और कहा कि वह ब्लैक कैप्स के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
ब्रेसवेल भारत के खिलाफ होने वाली आगामी पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए भी उपलब्ध रहेंगे। यानी सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट छोड़ने के बावजूद वह राष्ट्रीय टीम के लिए चयन के दायरे में बने रहेंगे।
ब्रेसवेल की जगह 33 वर्षीय बल्लेबाज निक केली को न्यूजीलैंड की सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में शामिल किया गया है। केली को पहली बार फुल-टाइम राष्ट्रीय कॉन्ट्रैक्ट मिला है। वह अब तक न्यूजीलैंड के लिए 8 वनडे और 7 टी20 इंटरनेशनल खेल चुके हैं।
न्यूजीलैंड में विदेशी टी20 लीग खेलने के लिए कैजुअल कॉन्ट्रैक्ट का विकल्प पहले भी कुछ खिलाड़ियों ने चुना है। मार्क चैपमैन, फिन एलन, लॉकी फर्ग्यूसन, एडम मिल्न और टिम सीफर्ट भी इस व्यवस्था का हिस्सा रहे हैं।



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.