दिल्ली पुलिस ने दिल्ली-NCR से उत्तर प्रदेश तक फैले कथित इंटरस्टेट हेरोइन सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में हेरोइन बनाने वाली एक कथित अवैध फैक्ट्री का भी पता चला, जहां से 6.275 किलो ताजा तैयार हेरोइन बरामद की गई।

AdvertisementThe Puranic


पुलिस के मुताबिक, पूरे ऑपरेशन में कुल 7.076 किलो हेरोइन बरामद हुई है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 करोड़ रुपये आंकी गई है। लखनऊ की फैक्ट्री से हेरोइन के अलावा इसे बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल और उपकरण भी बरामद किए गए हैं।


मामले की जांच 16 सितंबर को शुरू हुई थी, जब दिल्ली के बेगमपुर इलाके में पुलिस ने एक कार को रोककर 300 ग्राम हेरोइन और 3 लाख रुपये नकद बरामद किए थे। इसके बाद पूछताछ और तकनीकी निगरानी के जरिए पुलिस लखनऊ तक पहुंची। 4 अक्टूबर को जानकीपुरम की फैक्ट्री में छापा मारकर बबलू नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया गया।


पुलिस के अनुसार, बबलू से मिली जानकारी के आधार पर फैक्ट्री के कथित मालिक और मुख्य सप्लायर रुकसार अली उर्फ राजू को बरेली से गिरफ्तार किया गया। उसे पकड़ने के लिए पुलिस ने करीब 120 किलोमीटर तक पीछा किया।


अब पुलिस इस नेटवर्क की पूरी सप्लाई चेन, आर्थिक लेनदेन, ड्रग्स के स्रोत और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।