भारत और जापान के बीच रक्षा और रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए टोक्यो में चौथी 2+2 मंत्रिस्तरीय वार्ता आयोजित की जाएगी। इस बैठक में भारत की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर शामिल होंगे। वहीं, जापान की तरफ से विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी हिस्सा लेंगे। राजनाथ सिंह 18 से 19 नवंबर तक जापान के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे।
इस वार्ता में दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय चुनौतियों पर चर्चा होगी। इसके अलावा रक्षा उपकरणों और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा। दोनों देश अपनी सेनाओं के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास और आपसी तालमेल को मजबूत करने के मुद्दे पर भी विचार कर सकते हैं।
हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बदलते सुरक्षा हालात के बीच भारत और जापान की यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दोनों देश इस क्षेत्र में शांति, स्थिरता और स्वतंत्र नौवहन का समर्थन करते हैं। 2+2 वार्ता के जरिए भारत और जापान अपनी रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के साथ रक्षा क्षेत्र में सहयोग के नए रास्ते तलाशेंगे।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.