दिल्ली के सराय रोहिल्ला इलाके में एक नाइट क्लब में कथित मारपीट के बाद 29 वर्षीय दलजीत की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें क्लब मैनेजर, उसकी पत्नी और तीन बाउंसर शामिल हैं। घटना 10 अक्टूबर की देर रात अशोक पार्क मेट्रो स्टेशन के पास स्थित टोर हाउस नाइट क्लब में हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, दलजीत अपने पांच-छह दोस्तों के साथ पार्टी करने क्लब गया था। वहां एक महिला पर बीयर गिरने के बाद विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि बहस बढ़ने पर क्लब के बाउंसरों को बुलाया गया और दलजीत तथा उसके दोस्तों के साथ मारपीट की गई।
दलजीत के दोस्तों का आरोप है कि उन्होंने माफी मांगी और मारपीट रोकने की अपील की, लेकिन हमला जारी रहा। आरोपियों ने कथित तौर पर डंडों और कांच की बोतलों से हमला किया। दोस्तों के मुताबिक, जब उन्होंने वहां से निकलने की कोशिश की, तो उन्हें वापस खींचकर पीटा गया। इस दौरान दलजीत के सिर और जबड़े पर गंभीर चोटें आईं और उसका जबड़ा टूट गया।
मारपीट के बाद दोस्त दलजीत को उसके रघुबीर नगर स्थित घर ले गए। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दलजीत अपने पीछे पत्नी पूजा, आठ साल के बेटे और पिता को छोड़ गया है। पुलिस ने नाइट क्लब का डीवीआर जब्त कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस क्लब के देर रात तक संचालन की अनुमति और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.