जिस उम्र में ज्यादातर किशोर अपने करियर और भविष्य को लेकर सोच रहे होते हैं, उस उम्र में अमेरिका के 17 वर्षीय क्रिस कियान ने हजारों बच्चों की जिंदगी बदलने का काम किया है। पुराने और बेकार पड़े कंप्यूटरों को ठीक करके जरूरतमंद छात्रों तक पहुंचाने की उनकी पहल ‘ReTech for Kids’ ने अब तक 2,000 बच्चों को डिजिटल शिक्षा से जुड़ने में मदद की है। इस सामाजिक कार्य के लिए क्रिस को 2026 के प्रतिष्ठित डायना अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।

AdvertisementThe Puranic

क्रिस ने महज 14 साल की उम्र में ReTech for Kids नाम की गैर-लाभकारी संस्था शुरू की थी। उन्होंने महसूस किया कि एक तरफ कई छात्र पढ़ाई के लिए कंप्यूटर तक नहीं पहुंच पाते, वहीं दूसरी तरफ बड़ी संख्या में उपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण कबाड़ में फेंक दिए जाते हैं। इसी समस्या का समाधान निकालने के लिए उन्होंने पुराने कंप्यूटरों को नया जीवन देने का फैसला किया।

इस संस्था के तहत कंपनियों और लोगों से पुराने कंप्यूटर और लैपटॉप इकट्ठा किए जाते हैं। युवा वॉलंटियर्स इन उपकरणों की मरम्मत करते हैं, उनकी रैम और स्टोरेज अपग्रेड करते हैं तथा जरूरी जांच के बाद जरूरतमंद छात्रों को वितरित करते हैं। इस अभियान से 100 से अधिक युवा वॉलंटियर्स जुड़ चुके हैं।

क्रिस को 2026 में वर्मोंट पिच चैलेंज में भी 5,000 डॉलर का पुरस्कार मिला। उनकी पहल शिक्षा में डिजिटल असमानता कम करने के साथ इलेक्ट्रॉनिक कचरे को घटाने में भी योगदान दे रही है। उनकी कहानी बताती है कि कम उम्र में भी सही सोच और मेहनत से समाज में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।