अमेरिकी विमान निर्माता कंपनी बोइंग में कर्मचारियों की छंटनी का साया मंडरा रहा है. कंपनी अपने कमर्शियल एयरक्राफ्ट डिवीजन में करीब 5 फीसदी कर्मचारियों की संख्या कम करने की तैयारी कर रही है. इस फैसले से लगभग 2,500 कर्मचारियों की नौकरियों पर असर पड़ सकता है. कंपनी की कमर्शियल एयरक्राफ्ट यूनिट में दिसंबर 2025 तक करीब 50,494 कर्मचारी थे.

AdvertisementThe Puranic

बोइंग कमर्शियल एयरक्राफ्ट की प्रमुख स्टेफनी पोप ने कर्मचारियों को भेजे गए संदेश में कहा कि विमान उत्पादन की योजनाओं में बदलाव और उत्पादन की धीमी गति के कारण कंपनी के पास जरूरत से ज्यादा कर्मचारी हो गए हैं. इसलिए कर्मचारियों की संख्या को नई व्यावसायिक योजना के अनुसार समायोजित करना जरूरी है. यह कटौती कर्मचारियों के खुद नौकरी छोड़ने और अनिवार्य छंटनी, दोनों तरीकों से की जाएगी. प्रभावित कर्मचारियों को नोटिस दिसंबर से मिलना शुरू हो सकता है.

कंपनी के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने लोकप्रिय 737 विमान का उत्पादन बढ़ाना है. बोइंग पहले 2026 की गर्मियों तक हर महीने 47 विमान बनाने का लक्ष्य हासिल करना चाहती थी, लेकिन अब इसे 2027 की शुरुआत तक टाल दिया गया है. उत्पादन बढ़ाने में विंग और फ्यूजलेज की सप्लाई से जुड़ी समस्याएं बाधा बन रही हैं.

इसके अलावा, 787 ड्रीमलाइनर का उत्पादन भी हर महीने 8 से बढ़ाकर 10 विमान करने की योजना के मुताबिक आगे नहीं बढ़ पाया है. कंपनी की वित्तीय रिकवरी भी धीमी पड़ रही है. बोइंग अब 10 अरब डॉलर के फ्री कैश फ्लो का लक्ष्य 2029 तक हासिल करने की उम्मीद कर रही है. यह पहले अनुमानित समय से एक साल बाद है.