इंडिया टुडे ग्रुप के किसान तक की ओर से आयोजित भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 का मंच तैयार है. 11 और 12 नवंबर को दिल्ली के भारत मंडपम में होने वाले इस दो दिवसीय सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई बड़े नेता, कृषि विशेषज्ञ, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और देशभर के किसान शामिल होंगे. इस कार्यक्रम की थीम 'स्मार्ट किसान, विकसित भारत' रखी गई है.
सम्मेलन की शुरुआत केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे, जबकि समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. कार्यक्रम में करीब 2,000 किसानों के पहुंचने की उम्मीद है. इसके अलावा केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, पीयूष गोयल और चिराग पासवान भी सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत कई अन्य प्रमुख हस्तियां भी शामिल होंगी.
इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य भारतीय कृषि के भविष्य, किसानों की आय बढ़ाने और खेती को आधुनिक तकनीक से जोड़ने पर चर्चा करना है. कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, प्रिसिजन फार्मिंग, जलवायु के अनुकूल खेती और कृषि उत्पादों के निर्यात जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा. किसानों के अनुभवों और उनकी सफल कहानियों को भी मंच पर साझा किया जाएगा.
सम्मेलन में पद्मश्री सम्मान प्राप्त किसान और कृषि क्षेत्र में नवाचार करने वाले लोग अपनी उपलब्धियां बताएंगे. इनमें राहिबाई सोमा पोपरे, ट्रिनिटी सैयू, नेक राम शर्मा, सुल्तान सिंह और सुंदरम वर्मा शामिल हैं. इनके अनुभव दूसरे किसानों के लिए प्रेरणा बनेंगे.
कार्यक्रम में कृषि चर्चा के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी. लोक गायक प्रहलाद टिपानिया, भोजपुरी गायिका चंदन तिवारी और कवि रुद्र प्रताप रुद्र अपनी प्रस्तुतियां देंगे. सांसद और भोजपुरी कलाकार मनोज तिवारी भी सम्मेलन में शामिल होंगे.
सम्मेलन के दूसरे दिन कृषि क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी. इसमें किसानों की आय बढ़ाने, खेती में तकनीक के इस्तेमाल, कृषि उत्पादों की गुणवत्ता और बाजार तक पहुंच जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. विशेषज्ञ किसानों को नई तकनीकों और आधुनिक कृषि पद्धतियों के बारे में जानकारी देंगे.
किसान तक भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से सामने लाना और उनके समाधान के लिए नीति निर्माताओं, विशेषज्ञों तथा कृषि उद्योग के बीच संवाद बढ़ाना है. इस मंच के जरिए किसानों को नई जानकारी, बेहतर तकनीक और कृषि क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा.


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.