बिहार के खगड़िया में IPS अधिकारी भानु प्रताप सिंह को पुलिस अधीक्षक (SP) के पद से हटा दिया गया है. उन्हें पटना स्थित बिहार पुलिस मुख्यालय में योगदान देने का निर्देश दिया गया है. उनकी जगह शैलेन्द्र सिंह को खगड़िया का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. यह प्रशासनिक बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब भानु प्रताप सिंह अपनी पत्नी के साथ विवाद को लेकर चर्चा में हैं.

AdvertisementThe Puranic

भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा सिंह ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं. पूजा का कहना है कि उन्हें अपनी बेटी से मिलने और बात करने नहीं दिया जा रहा है. उन्होंने पति पर तलाक के लिए दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है. इस मामले को लेकर पूजा सिंह पटना में मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना दे चुकी हैं. उन्होंने महिला थाने और महिला आयोग में भी शिकायत की है.

पूजा सिंह का कहना है कि वह तलाक नहीं चाहतीं, बल्कि अपने पति और बेटी के साथ परिवार के रूप में नई शुरुआत करना चाहती हैं. उन्होंने बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की इच्छा भी जताई है. उनका कहना है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान होता है तो वह अपनी शिकायत वापस लेने के लिए तैयार हैं.

दूसरी ओर, बिहार सरकार की ओर से जारी तबादला आदेश में भानु प्रताप सिंह को खगड़िया SP पद से हटाने के पीछे किसी विशेष कारण का उल्लेख नहीं किया गया है. ऐसे में पत्नी के साथ विवाद और प्रशासनिक कार्रवाई के बीच संबंध को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. फिलहाल भानु प्रताप सिंह को पुलिस मुख्यालय में तैनात किया गया है, जबकि खगड़िया में नए SP ने जिम्मेदारी संभाल ली है.