संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने बुधवार को पाकिस्तान के चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ और चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से मुलाकात की। यह बैठक रावलपिंडी स्थित जनरल हेडक्वार्टर (GHQ) में हुई। पाकिस्तान की सेना के मीडिया विंग ISPR के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय शांति से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

AdvertisementThe Puranic


बैठक में जम्मू-कश्मीर विवाद, भारत की ओर से सिंधु जल संधि को होल्ड पर रखने और अफगानिस्तान से निकलने वाले आतंकवाद के मुद्दे पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ। पाकिस्तान की ओर से क्षेत्रीय स्थिरता और सुरक्षा से जुड़े अपने पक्ष को रखा गया।


आसिम मुनीर ने बैठक के दौरान पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय शांति के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों में पाकिस्तान के योगदान का भी उल्लेख किया। वहीं, गुटेरेस ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई और UN पीसकीपिंग मिशनों में पाकिस्तान और उसकी सेना के योगदान की सराहना की। उन्होंने क्षेत्रीय विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए पाकिस्तान के प्रयासों की भी प्रशंसा की।


गुटेरेस इन दिनों पाकिस्तान के दौरे पर हैं। इससे पहले उन्होंने पाकिस्तानी विदेश मंत्री इशाक डार से भी मुलाकात की थी। उस बैठक में कश्मीर और सिंधु जल संधि समेत क्षेत्रीय और वैश्विक शांति से जुड़े मुद्दे उठाए गए थे।