देशभर में 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल फिलहाल टाल दी गई है। रविवार रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई अहम बैठक में कई मांगों पर बातचीत आगे बढ़ाने की सहमति बनी। इसके बाद बैंक यूनियनों ने हड़ताल स्थगित करने का फैसला किया।
27 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे हुई बैठक में सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था रहा। बैंक कर्मचारी लंबे समय से हर शनिवार और रविवार को छुट्टी देने की मांग कर रहे हैं। इस मुद्दे पर हाई-लेवल कमेटी बनाने का निर्णय लिया गया है। कमेटी सभी संभावित विकल्पों पर विचार करेगी और संबंधित पक्षों से बातचीत करेगी।
हालांकि, पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था को अभी अंतिम मंजूरी नहीं मिली है। कमेटी की चर्चा और आगे की प्रक्रिया के बाद ही इस पर फैसला होगा।
बैठक में स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना पर भी चर्चा हुई। इस मुद्दे पर सरकार की भागीदारी के साथ बातचीत शुरू करने पर सहमति बनी है।
इसके अलावा पेंशन, महंगाई भत्ता और अन्य लंबित मांगों पर भी बातचीत जारी रहेगी। यूनियनों ने 8 मार्च 2024 के समझौते में दर्ज मुद्दों का जल्द समाधान निकालने की मांग की है।
हड़ताल टलने से बैंक ग्राहकों को राहत मिली है। अब 28, 29 और 30 सितंबर को प्रस्तावित हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी। हालांकि, कर्मचारियों की सभी मांगों पर अंतिम फैसला आना अभी बाकी है।


