रेनॉल्ट ने अपनी लोकप्रिय सात-सीटर एमपीवी ट्राइबर का नया टर्बो वर्जन पेश किया है। Renault Triber Turbo में पहले से ज्यादा पावर, बेहतर सस्पेंशन और आधुनिक तकनीक दी गई है। कंपनी ने कार के बाहरी डिजाइन में ज्यादा बदलाव नहीं किए हैं, लेकिन इंजन और ड्राइविंग अनुभव को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया है।

AdvertisementThe Puranic

नई ट्राइबर टर्बो में 1.0 लीटर का तीन-सिलेंडर टर्बो-पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 100bhp पावर और 180Nm टॉर्क पैदा करता है। पुराने मॉडल में 72bhp पावर और 96Nm टॉर्क मिलता था। रेनॉल्ट का दावा है कि नई कार महज 10.8 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इसका प्रमाणित माइलेज 21 किमी प्रति लीटर बताया गया है।

कंपनी ने बेहतर ड्राइविंग के लिए सस्पेंशन, ब्रेकिंग सिस्टम और इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल में भी बदलाव किए हैं। पांच-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ शहर में ड्राइविंग आसान महसूस होती है। हालांकि, हाईवे पर स्टीयरिंग थोड़ा हल्का लगता है और छठे गियर की कमी महसूस होती है।

कार में सात यात्रियों के बैठने की सुविधा बरकरार है। पांच सीटों के इस्तेमाल पर 625 लीटर बूट स्पेस मिलता है।

कीमत की बात करें तो इसके इवोल्यूशन वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 7.84 लाख रुपये, टेक्नो की 8.53 लाख रुपये और इमोशन की 8.99 लाख रुपये है। भविष्य में इसके सीवीटी और सीएनजी वर्जन भी उपलब्ध होंगे।