दिल्ली के रोहिणी इलाके में लूट की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां दो बहनों ने मिलकर एक डिलीवरी बॉय पर मिर्च पाउडर से हमला किया और स्कूटर से टक्कर मारकर उसके पार्सल लूट लिए। पुलिस ने घटना के महज 15 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

AdvertisementThe Puranic

यह घटना 25 सितंबर की शाम करीब 7:20 बजे रोहिणी सेक्टर-5 स्थित हनुमान मंदिर के पास हुई। पुलिस के अनुसार, एक बहन ग्राहक बनकर डिलीवरी बॉय के पास पहुंची और उससे पार्सल छीनने की कोशिश करने लगी। विरोध करने पर उसने डिलीवरी बॉय की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया।

इसी दौरान दूसरी बहन स्कूटर लेकर वहां पहुंची और डिलीवरी बॉय को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह जमीन पर गिर गया और उसके पैर में चोट आई। इसके बाद दोनों बहनें डिलीवरी बैग से कई पार्सल निकालकर फरार हो गईं।

घटना की शिकायत मिलने पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों महिलाओं की पहचान की गई। पुलिस ने 15 घंटे के भीतर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों के पास से चोरी किए गए तीन पार्सल, वारदात में इस्तेमाल स्कूटर और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। दोनों बहनें करोल बाग की रहने वाली हैं। इनमें से एक ने फैशन डिजाइनिंग का कोर्स किया है, जबकि दूसरी 20 वर्षीय युवती ने 12वीं की पढ़ाई अधूरी छोड़ दी थी। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।