पंजाब के अमृतसर में ड्यूटी के दौरान एक पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शुक्रवार तड़के गेट हकीमा इलाके में हुई, जहां करीब 50 वर्षीय सहायक सब-इंस्पेक्टर (ASI) हरजीत सिंह ड्यूटी पर तैनात थे। हमलावरों ने उन्हें तीन गोलियां मारीं।


घटना करीब रात 2:30 बजे की बताई जा रही है। गोली लगने के बाद हरजीत सिंह को तुरंत अमनदीप अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान तथा घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।


पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ASI हरजीत सिंह की मौत पर शोक जताया और उनके परिवार के लिए 1 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है और पुलिसकर्मियों के परिवारों को हरसंभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।


मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि HDFC बैंक की ओर से परिवार को 1 करोड़ रुपये का बीमा कवर दिया जाएगा। यानी परिवार को सरकार और बैंक की ओर से कुल 2 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता मिलेगी।


पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने भी हरजीत सिंह को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि ASI ने कर्तव्य निभाते हुए अपनी जान गंवाई और पंजाब पुलिस उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।


पुलिस के अनुसार, ASI हरजीत सिंह का अंतिम संस्कार पूरे पुलिस सम्मान के साथ किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।