बिहार के जमुई जिले के झाझा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे बजाने को लेकर विवाद हो गया। शुक्रवार रात थाना गेट के पास पुलिस और विसर्जन जुलूस में शामिल कुछ लोगों के बीच कहासुनी के बाद पथराव शुरू हो गया। इस घटना में थानाध्यक्ष समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।


जानकारी के मुताबिक, सोहजाना गांव से गणेश प्रतिमा लेकर लोग रेलवे तालाब की ओर विसर्जन के लिए जा रहे थे। जुलूस में डीजे बजाया जा रहा था। झाझा थाना गेट के पास पुलिस ने तेज आवाज में बज रहे कथित आपत्तिजनक गाने को बंद कराने और डीजे की आवाज कम करने को कहा। इसी बात को लेकर कुछ युवक पुलिसकर्मियों से उलझ गए।


विवाद बढ़ने के बाद थाना गेट और परिसर की ओर पथराव किया गया। इसमें झाझा थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह, एसआई दीपक कुमार, एसआई अमरजीत कुमार, जवान अमित कुमार, नितेश कुमार झा और महिला जवान प्रियंका कुमारी घायल हुए। सभी का झाझा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराया गया।


घटना के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और पांच लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की। पुलिस अन्य लोगों की पहचान के लिए जुलूस की वीडियोग्राफी और आसपास के CCTV फुटेज की जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।