भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ ने अंडर-19 क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान खींचा है। सोमवार को वीनू मांकड़ ट्रॉफी में दिल्ली अंडर-19 के खिलाफ खेलते हुए अन्वय ने महज 41 गेंदों में 85 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस बल्लेबाजी ने कर्नाटक को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
कर्नाटक की कप्तानी कर रहे विकेटकीपर-बल्लेबाज अन्वय ने अपनी पारी में पांच छक्के और सात चौके लगाए। उन्होंने 207.32 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए और दिल्ली के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर कर्नाटक ने 49 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 418 रन बनाए।
इस मुकाबले में कर्नाटक के बल्लेबाज ध्रुव कृष्णन ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने केवल 51 गेंदों में 103 रन की शतकीय पारी खेली। ध्रुव ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई, जबकि अन्वय ने तेजी से रन बनाकर स्कोर को 400 के पार पहुंचाने में योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली अंडर-19 की टीम 220 रन पर ऑलआउट हो गई। कर्नाटक ने यह मुकाबला 198 रन से जीत लिया।
अन्वय का यह प्रदर्शन इसलिए भी खास है, क्योंकि इससे पहले शनिवार को उन्होंने चंडीगढ़ के खिलाफ 62 गेंदों में 104 रन बनाए थे। उस मैच में कर्नाटक ने 100 रन से जीत दर्ज की थी। लगातार दो मुकाबलों में बड़ी पारियां खेलकर अन्वय ने अपनी शानदार फॉर्म का संकेत दिया है।
अन्वय भारत की अंडर-19 टीम के लिए भी खेल चुके हैं। जुलाई में श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने 67 गेंदों में 87 रन बनाए थे। सितंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक मैच में उन्होंने 18 गेंदों में 38 रन की तेज पारी खेली थी। वीनू मांकड़ ट्रॉफी में उनका प्रदर्शन कर्नाटक के लिए उत्साहजनक है।



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.