अहमदाबाद में डेटिंग ऐप के जरिए हनीट्रैप और वसूली का एक मामला सामने आया है. यहां आइसक्रीम मशीन बनाने का कारोबार करने वाला 35 वर्षीय व्यापारी कथित तौर पर एक युवती के जाल में फंस गया. आरोप है कि युवती ने पहले डेटिंग ऐप पर उससे दोस्ती की और फिर बातचीत के दौरान भरोसा जीतकर मिलने के लिए बुलाया. इसके बाद खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताने वाले लोगों ने कारोबारी को बंधक बनाकर लाखों रुपये वसूल लिए.

AdvertisementThe Puranic

रिपोर्ट के मुताबिक, व्यापारी की मुलाकात डेटिंग ऐप पर हीना पटेल नाम की युवती से हुई थी. दोनों के बीच करीब एक महीने तक बातचीत होती रही. धीरे-धीरे दोस्ती बढ़ने के बाद युवती ने 6 नवंबर को व्यापारी को अहमदाबाद के हाथीजन सर्कल के पास मिलने के लिए बुलाया. व्यापारी वहां पहुंचा और दोनों एक सुनसान जगह पर बैठकर बातचीत करने लगे.

इसी दौरान एक कार में तीन लोग वहां पहुंचे. उन्होंने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया और युवती पर आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया. इसके बाद व्यापारी और युवती को जबरन कार में बैठा लिया गया. कुछ दूरी पर युवती को उतार दिया गया, जबकि व्यापारी को करीब तीन घंटे तक कार में बंधक बनाकर रखा गया.

आरोपियों ने व्यापारी के साथ मारपीट की और झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी. शुरुआत में 40 हजार रुपये मांगे गए, लेकिन बाद में ऑनलाइन माध्यम से करीब 6 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए गए. व्यापारी ने शिकायत की चेतावनी दी तो 3.02 लाख रुपये वापस किए गए. बाकी रकम नहीं मिलने पर उसने विवेकानंदनगर पुलिस से संपर्क किया.

पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं, युवती और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है.