सूर्यकुमार यादव ने गुजरात के खिलाफ सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मुकाबले में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने महज 29 गेंदों में 82 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 282 से ज्यादा रहा। इस शानदार प्रदर्शन के साथ सूर्यकुमार ने अपने आलोचकों को भी करारा जवाब दिया।

AdvertisementThe Puranic

मुंबई की टीम 198 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी, लेकिन शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने शुरुआती दो ओवरों में ही दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने मैदान पर उतरकर आक्रामक अंदाज अपनाया और अपनी तीसरी गेंद पर छक्का जड़ दिया। उन्होंने महज 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर मुकाबले का रुख बदल दिया।

सूर्यकुमार के साथ सरफराज खान ने भी शानदार बल्लेबाजी की। सरफराज ने 17 गेंदों में नाबाद 40 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों की दमदार पारियों की बदौलत मुंबई ने लक्ष्य केवल 15.4 ओवर में हासिल कर मुकाबला जीत लिया।

भारतीय टीम से बाहर चल रहे सूर्यकुमार यादव के लिए यह प्रदर्शन बेहद अहम माना जा रहा है। इससे पहले उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ भी 21 गेंदों में नाबाद 60 रन बनाए थे। लगातार शानदार पारियों के जरिए सूर्यकुमार ने टीम इंडिया में वापसी के लिए अपनी दावेदारी मजबूत की है।