उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की चर्चा तेज हो गई है। दोनों दल INDIA गठबंधन के तहत मिलकर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। इस बीच सपा सांसद राजीव राय ने सीट शेयरिंग को लेकर कहा है कि गठबंधन में सीटों की संख्या से ज्यादा जीत की संभावना महत्वपूर्ण है। उन्होंने साफ किया कि चुनाव में ऐसे उम्मीदवारों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए, जिनके जीतने की मजबूत संभावना हो।

AdvertisementThe Puranic

कांग्रेस ने यूपी चुनाव की तैयारियों के तहत दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं की बैठक की है। पार्टी ने सपा के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए पांच सदस्यीय समिति भी बनाई है। इस समिति में प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा और इमरान मसूद शामिल हैं। कांग्रेस की कोशिश है कि चुनाव से पहले गठबंधन की रणनीति और सीटों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो जाए।

वहीं, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी गठबंधन को लेकर अपनी रणनीति तैयार कर रहे हैं। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर होने वाली बातचीत काफी अहम मानी जा रही है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि कांग्रेस और सपा किस फॉर्मूले पर सहमत होती हैं और 2027 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन किस तरह मैदान में उतरता है।