टेरेंस लुईस अब डांस और कोरियोग्राफी के बाद एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। 51 साल की उम्र में वह अपनी पहली फिल्म 'आज का महिषासुर' से बड़े पर्दे पर डेब्यू करेंगे। नवरात्रि के मौके पर फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर और भक्ति गीत 'जगदंबे रानी' रिलीज किया गया है। फिल्म की कहानी आज के समाज में मौजूद बुराइयों और कड़वी सच्चाइयों पर सवाल उठाती है।
टेरेंस लुईस ने इस फिल्म को लेकर अपनी खुशी जाहिर की है। उन्होंने बताया कि फिल्म की सोचने पर मजबूर करने वाली कहानी ने उन्हें इस प्रोजेक्ट से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उनके मुताबिक, फिल्म महिषासुर की पारंपरिक छवि से आगे बढ़कर समाज में मौजूद बुराइयों को दिखाती है। उन्होंने यह भी कहा कि बुराइयां सिर्फ हमारे आसपास ही नहीं, बल्कि हमारे भीतर भी हो सकती हैं, जिन्हें हम अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं।
फिल्म के फर्स्ट लुक को नवरात्रि के अवसर पर पेश किया गया। इस मौके पर टेरेंस लुईस, खुशाली कुमार और फिल्म की टीम मुंबई के मुंबादेवी मंदिर पहुंची। वहां सभी ने मां के दर्शन किए और फिल्म का पोस्टर पेश कर आशीर्वाद लिया। फिल्म के साथ रिलीज हुए भक्ति गीत 'जगदंबे रानी' को भी नवरात्रि से जोड़कर पेश किया गया है।
'आज का महिषासुर' का निर्देशन धीरज कुमार ने किया है और इसके निर्माता गौरांग भास्कर हैं। फिल्म में टेरेंस लुईस के अलावा पद्मिनी कोल्हापुरे, चंदन रॉय और आयशा ऐमान भी नजर आएंगे। चंदन रॉय को वेब सीरीज 'पंचायत' में उनके अभिनय के लिए जाना जाता है।
टेरेंस लुईस इससे पहले 'लगान', 'झंकार बीट्स' और 'गोलियों की रासलीला राम-लीला' जैसी फिल्मों के डांस सीक्वेंस कोरियोग्राफ कर चुके हैं। वह कई लोकप्रिय डांस रियलिटी शोज में जज भी रहे हैं। अब देखना होगा कि डांस की दुनिया में पहचान बनाने के बाद वह अभिनय में दर्शकों का दिल जीत पाते हैं या नहीं।



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.