जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में आयोजित वक्फ दिवस कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' बजाए जाने पर विवाद खड़ा हो गया। कार्यक्रम में मौजूद कुछ मुस्लिम धर्मगुरु राष्ट्रगीत बजने के दौरान अपनी सीटों से खड़े हो गए थे। हालांकि, बाद में इस घटना को लेकर धार्मिक संगठनों ने आपत्ति जताई और कुछ धर्मगुरुओं ने तौबा करने की बात कही।

AdvertisementThe Puranic

यह कार्यक्रम 23 नवंबर को श्रीनगर स्थित शेर-ए-कश्मीर यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चरल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी (SKUAST) में आयोजित किया गया था। जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू भी शामिल हुए थे। कार्यक्रम में वक्फ बोर्ड की अध्यक्ष दरख्शां अंद्राबी समेत कई धर्मगुरु और अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

कार्यक्रम के दौरान जब वंदे मातरम बजाया गया तो वहां मौजूद कुछ मुस्लिम धर्मगुरु सम्मान में खड़े हो गए। इसके बाद मुत्तहिदा मजलिस-ए-उलेमा (MMU) ने इस घटनाक्रम पर आपत्ति जताई। संगठन से जुड़े लोगों ने इस्लाम की धार्मिक मान्यताओं का हवाला देते हुए अपनी असहमति जाहिर की।

मामले के सामने आने के बाद कुछ धर्मगुरुओं ने वीडियो संदेश जारी कर अपने कदम पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनसे अनजाने में ऐसा हुआ और वे इसके लिए अल्लाह से माफी मांगते हैं।

इस घटना के बाद श्रीनगर में राष्ट्रगीत, धार्मिक मान्यताओं और सार्वजनिक कार्यक्रमों में व्यक्तिगत आस्था के सम्मान को लेकर बहस शुरू हो गई है।