उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव 26 नवंबर को लखनऊ में पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी करेंगे। इस घोषणापत्र में महिलाओं, किसानों, युवाओं और सरकारी कर्मचारियों से जुड़े कई बड़े वादे शामिल किए जाने की तैयारी है।
सपा के प्रस्तावित वादों में महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की बात प्रमुख है। इसके अलावा युवाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए दो लाख रुपये तक की मदद देने का प्रस्ताव है। घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली और गरीब परिवारों को मुफ्त इलाज देने का वादा भी शामिल हो सकता है।
किसानों के लिए भी घोषणापत्र में विशेष प्रावधान किए जाने की चर्चा है। पार्टी गन्ना किसानों को भुगतान के लिए लंबा इंतजार खत्म करने का वादा कर रही है। इसके तहत गन्ने की खरीद के 24 घंटे के भीतर भुगतान करने की बात कही गई है। इसके लिए 15 हजार करोड़ रुपये का रिवॉल्विंग फंड बनाने का प्रस्ताव भी सामने आया है।
सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना की बहाली और युवाओं के लिए पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया जैसे मुद्दों को भी प्राथमिकता दी जा सकती है।
सपा की योजना प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए अलग-अलग घोषणापत्र तैयार करने की भी है। इसके अलावा महिला केंद्रित घोषणापत्र जनवरी 2027 में जारी करने की तैयारी है। अब सबकी नजर अखिलेश यादव की ओर से जारी होने वाले आधिकारिक घोषणापत्र पर है, जिसमें इन प्रस्तावों की अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.