भारतीय क्रिकेटर अर्शदीप सिंह इन दिनों अपने खेल के साथ-साथ निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में हैं। उनकी गर्लफ्रेंड और पंजाबी एक्ट्रेस-मॉडल समरीन कौर ने सोशल मीडिया पर उन्हें लेकर की जा रही ट्रोलिंग पर खुलकर जवाब दिया है। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स समरीन पर आरोप लगा रहे थे कि वह अर्शदीप के साथ रिश्ते में सिर्फ पैसों और शोहरत के लिए हैं। अब समरीन ने इन टिप्पणियों पर नाराजगी जाहिर करते हुए अपनी बात रखी है।

AdvertisementThe Puranic

समरीन ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि सोशल मीडिया पर लोगों की सोच में दोहरापन है। अगर कोई अपने रिश्ते को छिपाकर रखता है, तो लोग सवाल उठाते हैं और अगर खुलकर प्यार जताता है, तो उसे शोहरत पाने की कोशिश बताया जाता है। उन्होंने कहा कि वह 17 साल की उम्र से काम कर रही हैं और आर्थिक व पेशेवर रूप से खुद को संभालती आई हैं।

समरीन के मुताबिक, वह अब तक 20 से ज्यादा देशों की यात्रा कर चुकी हैं और अपनी जिंदगी रिश्ते के साथ या उसके बिना भी खुशहाल तरीके से जी सकती हैं। उन्होंने साफ कहा कि उन्हें अपनी निजी जिंदगी के फैसलों के लिए सोशल मीडिया पर किसी को सफाई देने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा दुख तब होता है, जब महिलाएं ही दूसरी महिलाओं को नीचा दिखाती हैं। समरीन ने चेतावनी दी कि उनके सोशल मीडिया पेज पर नकारात्मक टिप्पणियां करने वालों को वह और उनकी टीम ब्लॉक कर देगी।

इस पूरे मामले पर अर्शदीप सिंह ने भी अपनी गर्लफ्रेंड का समर्थन किया। उन्होंने समरीन की पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि उन्हें उन पर गर्व है। साथ ही उन्होंने लोगों से दूसरों की जिंदगी में दखल देने के बजाय उन्हें अपनी जिंदगी जीने देने की अपील की।