उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा को लेकर धार्मिक उत्साह देखने को मिल रहा है। 17 नवंबर से शुरू होने वाली कथा से पहले सोमवार को आठ अलग-अलग स्थानों से भव्य कलश यात्राएं निकाली गईं। इन यात्राओं में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और जगह-जगह उनका स्वागत किया गया।
इस आयोजन में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के प्रमुख और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के बेटों ने भी जिम्मेदारी संभाली। राजा भैया के बड़े बेटे शिवराज प्रताप सिंह ने कालाकांकर ब्लॉक से निकली कलश यात्रा का नेतृत्व किया, जबकि छोटे बेटे बृजराज प्रताप सिंह को बाबागंज ब्लॉक की यात्रा की कमान सौंपी गई। यात्रा के दौरान वाहनों का बड़ा काफिला देखने को मिला और श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ हिस्सा लिया।
कलश यात्राएं कुंडा, बाबागंज, बिहार और कालाकांकर के विभिन्न क्षेत्रों के साथ नगर पंचायतों से निकाली गईं। इनका उद्देश्य आसपास के गांवों और कस्बों तक रामकथा के आयोजन का संदेश पहुंचाना और लोगों को धार्मिक कार्यक्रम से जोड़ना है। यात्रा के दौरान पूजा-अर्चना, जयकारों और पुष्पवर्षा के बीच श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।
बेंती राजभवन के परेड ग्राउंड में 17 से 20 नवंबर तक चार दिवसीय श्रीराम कथा आयोजित होगी। कथा के लिए विशाल पंडाल तैयार किया गया है और श्रद्धालुओं के बैठने, ठहरने तथा भोजन की व्यवस्था की गई है। आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए हैं।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.