बिग बॉस 20 में काजी तौकीर एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गए हैं. इस बार मामला सिंगर जैस्मिन सैंडलस की परफॉर्मेंस से जुड़ा है. दिवाली स्पेशल एपिसोड में जैस्मिन ने फिल्म 'धुरंधर' का गाना गाया, जिस पर घर के कई कंटेस्टेंट झूमते नजर आए. हालांकि, काजी तौकीर की प्रतिक्रिया को लेकर कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने सवाल उठाए और उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया.

AdvertisementThe Puranic

दरअसल, एक यूजर ने काजी के वीडियो पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वह आमतौर पर छोटी-छोटी बातों पर भी डांस करते हैं, लेकिन जैस्मिन के गाने के दौरान असहज नजर आए. यूजर ने उनकी प्रतिक्रिया को फिल्म 'धुरंधर' और उसके कथित एंटी-पाकिस्तान कंटेंट से जोड़ते हुए सवाल उठाया. इसके बाद कुछ लोगों ने काजी को 'देशद्रोही' तक कहना शुरू कर दिया.

इस विवाद के बीच बिग बॉस 20 से बाहर हो चुके आसिफ खान काजी के समर्थन में सामने आए. उन्होंने सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का जवाब देते हुए काजी को सच्चा हिंदुस्तानी बताया. आसिफ ने कहा कि बिग बॉस के घर में उन्होंने काजी को करीब से जाना है. दोनों के बीच कई बार झगड़े हुए, लेकिन वह काजी के देशप्रेम को जानते हैं.

आसिफ ने यह भी कहा कि उन्हें काजी की प्रतिक्रिया में एक कलाकार दूसरे कलाकार को मंच पर देखकर अपने सपनों को याद करता नजर आया. उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी प्रतिक्रिया को ऐसा अर्थ न दिया जाए, जो उसका था ही नहीं. फिलहाल इस मामले पर काजी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.