अबू धाबी T10 टूर्नामेंट 2026 में नई फ्रेंचाइजी रॉयल डेजर्ट चैम्पियंस की एंट्री हो गई है। वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर निकोलस पूरन को टीम का कप्तान और आइकन खिलाड़ी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज फिल सॉल्ट और वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर शेरफेन रदरफोर्ड को भी टीम में शामिल किया गया है।

AdvertisementThe Puranic

टूर्नामेंट का आयोजन 7 से 20 नवंबर तक अबू धाबी के जायद क्रिकेट स्टेडियम में होगा। नई फ्रेंचाइजी ने अपने पहले सीजन के लिए अनुभवी खिलाड़ियों को चुना है। पूरन के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अलावा दुनियाभर की फ्रेंचाइजी लीग में खेलने का अनुभव है।

निकोलस पूरन ने जून 2025 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था। इसके बाद वह विभिन्न टी20 लीग में सक्रिय हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और कप्तानी का अनुभव नई टीम के लिए महत्वपूर्ण होगा।

फिल सॉल्ट अपनी तेज बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, जबकि शेरफेन रदरफोर्ड मध्यक्रम में बल्लेबाजी के साथ मध्यम गति की गेंदबाजी भी कर सकते हैं। दोनों खिलाड़ियों को सीधे अनुबंध के जरिए टीम से जोड़ा गया है।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन सिंह को टीम डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। वहीं, कारोबारी और पूर्व बैंकर अमित नारंग इस नई फ्रेंचाइजी के संस्थापक हैं।

अबू धाबी T10 का संचालन अब अबू धाबी क्रिकेट एंड स्पोर्ट्स हब के पास है। टूर्नामेंट के नए संस्करण में रॉयल डेजर्ट चैम्पियंस पहली बार मैदान पर उतरेगी।