मंगलवार सुबह नेपाल के कोशी प्रांत में आए भूकंप के झटकों से पश्चिम बंगाल, बिहार और सिक्किम के कई इलाकों में धरती कांप उठी। सुबह करीब 7 बजे आए इस भूकंप का असर उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार समेत कई क्षेत्रों में महसूस किया गया। बिहार के कुछ जिलों में भी लोगों ने झटके महसूस किए।

AdvertisementThe Puranic

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.3 दर्ज की गई। इसका केंद्र नेपाल के कोशी क्षेत्र में था और इसकी गहराई जमीन से करीब 20 किलोमीटर नीचे बताई गई। भूकंप के झटके महसूस होते ही कई लोग घबराकर घरों और इमारतों से बाहर निकल आए।

बिहार में समस्तीपुर के अलावा पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज जैसे इलाकों में भी झटके महसूस किए जाने की खबरें सामने आईं। वहीं सिक्किम के कुछ हिस्सों में भी धरती हिलने का अहसास हुआ।

भूकंप के बाद लोगों में कुछ देर तक दहशत का माहौल रहा। हालांकि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल और बिहार में किसी बड़े नुकसान या जानमाल के नुकसान की तत्काल खबर नहीं मिली। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।