देश में लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने को लेकर चर्चा तेज हो गई है। परिसीमन के प्रस्ताव के तहत लोकसभा में सांसदों की संख्या मौजूदा 543 से बढ़कर 815 तक हो सकती है। ऐसा होने पर 272 नए सांसद जुड़ेंगे। इसके साथ ही संसद के कामकाज और सांसदों को मिलने वाली सुविधाओं पर सरकारी खर्च भी बढ़ सकता है।

AdvertisementThe Puranic

अगर लोकसभा में सांसदों की संख्या 815 हो जाती है तो सबसे पहले वेतन और भत्तों का खर्च बढ़ेगा। फिलहाल एक सांसद को हर महीने 1.24 लाख रुपये वेतन मिलता है। इसके अलावा 87 हजार रुपये निर्वाचन क्षेत्र भत्ता और 75 हजार रुपये कार्यालय खर्च भत्ता दिया जाता है। इस तरह एक सांसद पर इन तीन मदों में हर महीने करीब 2.86 लाख रुपये खर्च होते हैं।

इसी आधार पर 272 अतिरिक्त सांसदों के वेतन और भत्तों पर हर महीने करीब 7.78 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सालाना यह रकम लगभग 93.35 करोड़ रुपये होगी। हालांकि, इसमें सांसदों को मिलने वाली अन्य सुविधाओं का खर्च शामिल नहीं है।

सांसदों को वेतन और भत्तों के अलावा सरकारी आवास, यात्रा, टेलीफोन और चिकित्सा जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं। सांसदों की संख्या बढ़ने पर इन सुविधाओं के लिए अतिरिक्त बजट की जरूरत पड़ सकती है। इसके अलावा संसद भवन में बैठने की व्यवस्था, कार्यालय, कर्मचारियों और सुरक्षा से जुड़े खर्च में भी बढ़ोतरी हो सकती है।

लोकसभा की सीटें बढ़ने का असर केंद्रीय मंत्रिपरिषद की अधिकतम संख्या पर भी पड़ सकता है। संविधान के अनुच्छेद 75 के अनुसार, केंद्रीय मंत्रिपरिषद में प्रधानमंत्री समेत मंत्रियों की संख्या लोकसभा के कुल सदस्यों की 15 प्रतिशत से अधिक नहीं हो सकती। 815 सदस्यों की लोकसभा होने पर यह सीमा अधिकतम 122 मंत्रियों तक पहुंच सकती है।

हालांकि, 93.35 करोड़ रुपये का आंकड़ा केवल अतिरिक्त सांसदों के वेतन और निर्धारित मासिक भत्तों का अनुमान है। आवास, यात्रा, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं पर होने वाला खर्च इसमें शामिल नहीं है। इसलिए सांसदों की संख्या बढ़ने के बाद सरकार पर कुल कितना वित्तीय बोझ पड़ेगा, इसका सही आकलन विस्तृत बजट सामने आने के बाद ही हो सकेगा।