उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक सरकारी डॉक्टर ने पत्नी से विवाद के बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना किदवई नगर थाना क्षेत्र के निराला नगर स्थित ब्लॉसम अपार्टमेंट की है। मृतक की पहचान डॉ. संदीप सिंह के रूप में हुई है, जो कानपुर देहात में सरकारी अस्पताल में सर्जन के पद पर तैनात थे।

AdvertisementThe Puranic


जानकारी के मुताबिक, रविवार देर रात संदीप सिंह और उनकी दूसरी पत्नी कंचन के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह पूजा घर में गए और वहां अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। रिपोर्ट के अनुसार, गोली चलने की आवाज सुनकर पत्नी मौके पर पहुंचीं और संदीप को गंभीर हालत में देखा। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।


पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है, हालांकि आत्महत्या की सही वजह अभी स्पष्ट नहीं है। घटनास्थल से पुलिस ने लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद कर उसे जांच के लिए सील कर दिया है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।


संदीप की यह दूसरी शादी थी। उनकी पहली पत्नी से एक बच्चा है, जबकि दूसरी पत्नी कंचन से भी उनके बच्चे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। अभी तक कोई सुसाइड नोट मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है।