अमेरिका में सोशल मीडिया पर लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए मशहूर ईरानी शख्स फरजाद 'टोनी' टौटोनी को इमिग्रेशन एजेंसी ICE ने गिरफ्तार कर लिया है। इंस्टाग्राम पर एक मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स रखने वाला टौटोनी महंगी कारों, प्राइवेट जेट, कैश के ढेर और विवादित पार्टियों की तस्वीरें शेयर करता था। उसकी ऑनलाइन पहचान 'ईरान का इंस्टा किंग' के नाम से बनी थी।
अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट (ICE) के मुताबिक, फरजाद टौटोनी को 27 अक्टूबर को लॉस एंजिल्स में गिरफ्तार किया गया था। एजेंसी ने 9 नवंबर को उसकी गिरफ्तारी की जानकारी सार्वजनिक की। ICE का आरोप है कि टौटोनी अमेरिका में अवैध रूप से रह रहा था और उसका लंबा आपराधिक रिकॉर्ड भी है। फिलहाल उसे देश से बाहर भेजने की कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक हिरासत में रखा गया है।
ICE के मुताबिक, टौटोनी पहली बार 1983 में कानूनी रूप से अमेरिका आया था। 1993 में एक इमिग्रेशन जज ने उसे देश से बाहर निकालने का आदेश दिया, लेकिन उस समय उसे हटाया नहीं गया। 1999 में फिर से उसके खिलाफ निष्कासन का आदेश जारी हुआ और उसे मैक्सिको भेज दिया गया।
एजेंसी के अनुसार, टौटोनी ने बाद में स्वीकार किया कि वह 2011 में कनाडा से मिशिगन के सेंट क्लेयर इलाके में नदी पार करके अमेरिका में दोबारा दाखिल हुआ था। उसने कथित तौर पर कनाडा से खरीदे गए इलेक्ट्रिक राफ्ट का इस्तेमाल किया था।
टौटोनी सोशल मीडिया पर अपनी आलीशान जिंदगी दिखाने के लिए जाना जाता था। उसकी तस्वीरों में महंगी गाड़ियां, निजी विमान, नकदी के बंडल और कम कपड़ों में महिलाओं के साथ पार्टियां दिखाई देती थीं। ICE ने उसके कंटेंट को अश्लीलता से जुड़ा बताया है। उसकी कुछ पोस्ट में बड़ी मात्रा में अमेरिकी डॉलर और लग्जरी प्रॉपर्टी भी नजर आती हैं।
ICE के मुताबिक, उसके खिलाफ आपराधिक धमकी, साजिश और प्रतिबंधित पदार्थों की खरीद-बिक्री से जुड़े मामलों में गिरफ्तारी हुई थी। एजेंसी ने यह भी बताया कि उसे फर्जी चेक, जालसाजी, अपहरण, लूट और जबरन वसूली जैसे अपराधों में 16 महीने से अधिक की सजा सुनाई गई थी।
फरजाद टौटोनी हॉलीवुड हिल्स में आलीशान जिंदगी जी रहा था। उसकी सोशल मीडिया प्रोफाइल पर दिखने वाली चमक-दमक ने उसे इंटरनेट पर लोकप्रिय बनाया। लेकिन अब ICE की गिरफ्तारी के बाद उसकी जिंदगी का दूसरा पहलू सामने आया है। अमेरिकी एजेंसी के अनुसार, टौटोनी फिलहाल हिरासत में है और उसके खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई चल रही है।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.