भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम ने एशिया कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। गुरुवार, 12 नवंबर को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने अफगानिस्तान को 8 विकेट से हराया। अब भारतीय टीम खिताब के लिए पाकिस्तान से भिड़ेगी। फाइनल 14 नवंबर को खेला जाएगा।

AdvertisementThe Puranic

ओमान के अल अमेरात क्रिकेट ग्राउंड पर अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट पर 227 रन बनाए। टीम की ओर से नुमान सालारजई और शाह फैसल रहीमी ने अर्धशतक लगाए। भारत की ओर से इशान सूद और आर्यन सावसानी ने अच्छी गेंदबाजी की। इसके बाद 228 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 36.5 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 230 रन बना लिए।

भारत की जीत में कप्तान लक्ष्य राइचंदानी और आर्यवीर सहवाग की अहम भूमिका रही। लक्ष्य ने 90 गेंदों पर 93 रन बनाए, जिसमें 13 चौके और एक छक्का शामिल था। आर्यवीर ने 57 गेंदों पर 51 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दी। वहीं वीके विनीत ने नाबाद 57 रन बनाए और छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाई। शानदार पारी के लिए लक्ष्य को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

अब फाइनल में भारत का सामना पाकिस्तान से होगा। पाकिस्तान ने पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 9 विकेट से हराया। ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान भारत को हरा चुका है, ऐसे में खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम के पास पिछली हार का बदला लेने और एशिया कप जीतने का मौका होगा।