भारत में कॉलेज की डिग्री को बेहतर नौकरी, अच्छी कमाई और सुरक्षित भविष्य का रास्ता माना जाता है। लेकिन देश के रोजगार बाजार की तस्वीर इस सोच से अलग नजर आ रही है। उच्च शिक्षा में छात्रों की संख्या तेजी से बढ़ने के बावजूद बड़ी संख्या में युवा अपनी पढ़ाई और नौकरी के बीच तालमेल नहीं बना पा रहे हैं। प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के एक वर्किंग पेपर ने इसी समस्या को उजागर किया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 2022 में नौकरी कर रहे युवा ग्रेजुएट्स में से 52.8 प्रतिशत कम कौशल वाली नौकरियों में काम कर रहे थे। साल 2005 में यह आंकड़ा 44.5 प्रतिशत था, जो 2019 में 45.6 प्रतिशत और 2022 में बढ़कर 52.8 प्रतिशत हो गया। यानी डिग्री हासिल करने के बाद भी युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता के अनुरूप काम मिलना आसान नहीं है।
भारत में उच्च शिक्षा का विस्तार भी काफी तेजी से हुआ है। 2014-15 में उच्च शिक्षा में छात्रों की संख्या 3.42 करोड़ थी, जो 2023-24 में बढ़कर 4.50 करोड़ हो गई। इसके बावजूद कुशल रोजगार तक पहुंच उतनी मजबूत नहीं बन पाई है।
रिपोर्ट के अनुसार, 2022 में युवा पुरुष ग्रेजुएट्स में 58.4 प्रतिशत कम कौशल वाली नौकरियों में थे, जबकि महिला ग्रेजुएट्स में यह आंकड़ा 36.8 प्रतिशत था। वहीं, पोस्ट ग्रेजुएशन कर चुके युवाओं में कम कौशल वाली नौकरियों का हिस्सा 27.2 प्रतिशत था।
नौकरी की गुणवत्ता भी एक बड़ी चुनौती है। ग्रेजुएट या उससे अधिक योग्यता वाले नौकरीपेशा युवाओं में 57.8 प्रतिशत नियमित वेतन वाली नौकरियों में थे, लेकिन केवल 36.1 प्रतिशत औपचारिक रोजगार में शामिल थे। इसका मतलब है कि नियमित वेतन मिलने के बावजूद सभी युवाओं को सामाजिक सुरक्षा और रोजगार से जुड़ी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
इस समस्या की एक वजह व्यावसायिक और तकनीकी प्रशिक्षण की सीमित पहुंच भी है। 15 से 29 वर्ष की उम्र के केवल 5 प्रतिशत लोगों ने औपचारिक व्यावसायिक या तकनीकी प्रशिक्षण लिया था। ऐसे में बड़ी संख्या में युवा पारंपरिक डिग्री पर निर्भर रहते हैं, जबकि कंपनियां भर्ती के दौरान व्यावहारिक कौशल, अनुभव और इंटर्नशिप को भी महत्व देती हैं।
वर्किंग पेपर में इस स्थिति को 'क्वालिफिकेशन कंजेशन' यानी योग्यता की भीड़ कहा गया है। इसका मतलब है कि डिग्रीधारकों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन सभी को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार नहीं मिल पा रहा है।
भारत के जॉब मार्केट के सामने अब सबसे बड़ा सवाल केवल डिग्रीधारकों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें ऐसी नौकरी दिलाना है जिसमें उनकी शिक्षा और कौशल का सही इस्तेमाल हो सके। शिक्षा की गुणवत्ता, व्यावहारिक प्रशिक्षण और उद्योगों की जरूरतों के अनुसार कौशल विकसित करना युवाओं के रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए बेहद जरूरी है।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.