भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट का रोमांच एक बार फिर देखने को मिलेगा। इस बार दोनों टीमें हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस 2026 में आमने-सामने होंगी। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने 9 अक्टूबर को टूर्नामेंट के लिए अपनी सात सदस्यीय टीम का ऐलान किया। मोहम्मद अब्बास आफरीदी को टीम की कप्तानी सौंपी गई है। पाकिस्तान की टीम इस बार अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी।

AdvertisementThe Puranic

हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस टूर्नामेंट का आयोजन 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक हॉन्ग कॉन्ग के टिन क्वांग रोड रिक्रिएशन ग्राउंड में होगा। पाकिस्तान की टीम 28 अक्टूबर को हॉन्ग कॉन्ग के लिए रवाना होगी। इस प्रतियोगिता में कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है।

पाकिस्तान को ग्रुप-सी में भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के साथ रखा गया है। पाकिस्तानी टीम अपने अभियान की शुरुआत 30 अक्टूबर को UAE के खिलाफ करेगी। इसके बाद उसी दिन भारत से उसका मुकाबला होगा। भारतीय समयानुसार भारत-पाकिस्तान मैच सुबह 11:45 बजे खेला जाना निर्धारित है।

पाकिस्तान की घोषित टीम में कप्तान मोहम्मद अब्बास आफरीदी के अलावा अब्दुल समद, अहमद दानियाल, मुहम्मद इरफान खान, ख्वाजा नफाय, मुहम्मद शहजाद और साद मसूद शामिल हैं।

पाकिस्तान ने 2025 में कुवैत को फाइनल में हराकर हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस का खिताब जीता था। टीम इस बार भी ट्रॉफी बरकरार रखने की कोशिश करेगी। वहीं, भारत के खिलाफ ग्रुप मुकाबला टूर्नामेंट के सबसे चर्चित मैचों में से एक रहने की उम्मीद है। छह खिलाड़ियों वाले इस तेज प्रारूप में आक्रामक बल्लेबाजी और कम समय में तेजी से रन बनाने की क्षमता अहम भूमिका निभाएगी।